स्वच्छ गढ़चिरौली की ओर एक और कदम : लॉयड्स मेटल्स ने नगर परिषद को दी अत्याधुनिक स्वचालित सड़क सफाई मशीन
The गडविश्व
गढ़चिरौली, ता. 12 : स्वच्छता और सतत शहरी विकास की दिशा में गढ़चिरौली को बड़ी सौगात मिली है। लॉयड्स मेटल्स एंड एनर्जी लिमिटेड ने अपने कॉर्पोरेट सामाजिक दायित्व (CSR) के अंतर्गत गढ़चिरौली नगर परिषद को अत्याधुनिक स्वचालित सड़क सफाई वाहन प्रदान किया है। यह पहल शहर को धूलमुक्त, स्वच्छ और सुव्यवस्थित बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
नई स्वचालित सफाई मशीन प्रमुख सड़कों की सफाई को अधिक तेज, प्रभावी और वैज्ञानिक पद्धति से संपन्न करेगी। इससे न केवल धूल प्रदूषण में उल्लेखनीय कमी आएगी, बल्कि जनस्वास्थ्य मानकों में भी सुधार होगा। विशेष बात यह है कि इस वाहन के संचालन और रखरखाव की जिम्मेदारी भी लॉयड्स मेटल्स एंड एनर्जी लिमिटेड द्वारा नगर परिषद के मार्गदर्शन में निभाई जाएगी, जिससे इसकी कार्यक्षमता और निरंतरता सुनिश्चित होगी।
इस अत्याधुनिक मशीन का उद्घाटन गढ़चिरौली विधानसभा क्षेत्र के विधायक डॉ. मिलिंद नारोटे के करकमलों द्वारा किया गया। समारोह में पूर्व सांसद अशोक नेते, नगर परिषद के उपाध्यक्ष निखिल चारडे, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता समिति के अध्यक्ष मुक्तेश्वर काटवे तथा मुख्याधिकारी सूर्यकांत पिदुरकर सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम में कंपनी के वरिष्ठ अधिकारियों ने जानकारी दी कि लॉयड्स मेटल्स एंड एनर्जी लिमिटेड द्वारा जिले में स्वास्थ्य, शिक्षा, आधारभूत संरचना एवं पर्यावरण संरक्षण से जुड़े विविध CSR प्रकल्प निरंतर संचालित किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि प्रबंध निदेशक बी. प्रभाकरन के दूरदर्शी नेतृत्व में कंपनी गढ़चिरौली जिले में परिवर्तनकारी विकास पहलों को गति दे रही है।
अपने संबोधन में नागरिकों से स्वच्छता अभियान में सक्रिय सहभागिता की अपील करते हुए कहा कि स्वच्छ शहर का निर्माण केवल प्रशासन या कंपनी के प्रयासों से नहीं, बल्कि जनसहभाग से ही संभव है।
लॉयड्स मेटल्स की यह पहल जिला प्रशासन के साथ उसकी मजबूत साझेदारी का प्रतीक है और स्वच्छ, स्वस्थ तथा सतत गढ़चिरौली के निर्माण की दिशा में एक सशक्त कदम माना जा रहा है।

