गडचिरोली में माओवादी आंदोलन को बड़ा झटका : मुठभेड़ में चार कुख्यात माओवादी ढेर



The गड़विश्व
गढ़चिरोली, दि. २४ : भामरागढ़ तहसील के कवंडे पुलिस स्टेशन क्षेत्र में गढ़चिरोली पुलिस और सीआरपीएफ द्वारा चलाए गए संयुक्त माओवादी विरोधी अभियान में चार कुख्यात माओवादी मारे गए। इन माओवादियों पर कुल 14 लाख रुपये का इनाम घोषित था। मुठभेड़ के बाद घटनास्थल से एक एस.एल.आर., दो .303 रायफल, एक भरमार बंदूक, वॉकीटॉकी और माओवादी साहित्य बरामद किया गया। यह कार्रवाई 36 घंटे तक चले कठिन ऑपरेशन के बाद अंजाम दी गई।
गुप्त जानकारी के आधार पर C-60 कमांडो और सीआरपीएफ की 113 बटालियन की डी कंपनी की टीम 22 मई को जंगल में रवाना हुई। 23 मई की सुबह करीब साढ़े सात बजे इंद्रावती नदी के किनारे जंगल में सर्च ऑपरेशन के दौरान माओवादियों ने पुलिस दल पर अंधाधुंध गोलीबारी शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में सुरक्षाबलों ने भी मोर्चा संभाला। दो घंटे चली इस मुठभेड़ में चार माओवादी मारे गए।
मारे गए माओवादियों की पहचान इस प्रकार हुई है:
सन्नू मासा पुंगाटी (35), निवासी कवंडे, भामरागढ़ – भामरागढ़ दलम का कमांडर, 8 लाख का इनाम, 3 गंभीर अपराधों में वांछित।
अशोक उर्फ सुरेश पोरिया वड्डे (38), निवासी कवंडे दलम सदस्य, 2 लाख का इनाम, 17 आपराधिक मामले।
विज्यो उर्फ विज्यो होयामी (25), निवासी पोडिया, गंगालूर (छत्तीसगढ़) – दलम सदस्य, 2 लाख का इनाम, 12 आपराधिक मामले।
करुणा उर्फ ममिता उर्फ तुनी पांडू वरसे (21), निवासी गोंगवाड़ा – दलम सदस्य, 2 लाख का इनाम, 9 आपराधिक मामले।
यह माओवादी विरोधी अभियान अपर पुलिस महानिदेशक (विशेष कार्रवाई) डॉ. छेरिंग दोरजे, विशेष पुलिस महानिरीक्षक (नक्सल विरोधी अभियान) नागपुर संदीप पाटिल, पुलिस उप महानिरीक्षक गढ़चिरोली क्षेत्र अंकित गोयल, सीआरपीएफ के उप महानिरीक्षक (अभियान) अजय कुमार शर्मा, गढ़चिरोली पुलिस अधीक्षक नीलोत्पल और सीआरपीएफ 113 बटालियन के कमांडेंट जसवीर सिंह के मार्गदर्शन में, अपर पुलिस अधीक्षक (प्रशासन) एम. रमेश के नेतृत्व में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
पुलिस अधीक्षक नीलोत्पल ने इस वीरतापूर्ण कार्य की सराहना करते हुए माओवादी विरोधी अभियान को और अधिक तीव्र करने के संकेत दिए हैं।
पिछले चार वर्षों में गढ़चिरोली पुलिस ने 87 माओवादियों को मुठभेड़ में ढेर किया है, 124 को गिरफ्तार किया है और 63 ने आत्मसमर्पण किया है। इस कार्रवाई से जिले में माओवादी गतिविधियों को बड़ा झटका लगा है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Don`t copy text!