Headlines

कुरखेड़ा में पुलिस की बड़ी कार्रवाई; 19 गोवंशीय पशुओं समेत 19.65 लाख का माल जब्त


कुरखेड़ा में पुलिस की बड़ी कार्रवाई; 19 गोवंशीय पशुओं समेत 19.65 लाख का माल जब्त
The गढ़विश्व
गढ़चिरौली, ता.25 : गोवंश की अवैध तस्करी के खिलाफ स्थानीय अपराध शाखा और कुरखेड़ा पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए दो वाहनों से 19 गोवंशीय पशुओं को मुक्त कराया। पुलिस ने दोनों वाहनों सहित कुल 19 लाख 65 हजार रुपये का माल जब्त किया है। यह कार्रवाई 24 अगस्त की रात गेवरधा से केशोरी मार्ग पर की गई।
स्थानीय अपराध शाखा को सूचना मिली थी कि दो वाहनों के जरिए गोवंश को अवैध रूप से ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने गेवरधा गांव के पास जाल बिछाया। कुछ ही देर में ट्रक और बोलेरो पिकअप आते दिखाई दिए। पुलिस ने दोनों वाहनों को रोककर तलाशी ली तो उनमें गोवंशीय पशुओं को अमानवीय तरीके से ठूंसकर भरा गया था। पशुओं की ढुलाई के लिए आवश्यक अनुमति भी आरोपियों के पास नहीं मिली।
ट्रक क्रमांक TG 12 U 4896 में 11 गाय और 2 बैल, जबकि बोलेरो पिकअप क्रमांक MH 35 AJ 4601 में 4 गाय और 2 बैल पाए गए। कुल 19 पशुओं की अनुमानित कीमत 2 लाख 65 हजार रुपये है। इसके अलावा 12 लाख रुपये कीमत का ट्रक और 5 लाख रुपये कीमत का बोलेरो पिकअप जब्त किया गया। इस तरह कुल 19 लाख 65 हजार रुपये का माल पुलिस ने जब्त किया।
इस मामले में ट्रक चालक शेख इब्राहिम शेख इस्माईल (40), निवासी नागपुर तथा बोलेरो चालक मुफस्सील कुरेशी मोहम्मद जमील कुरेशी (25), निवासी नागपुर के खिलाफ कुरखेड़ा थाने में मामला दर्ज किया गया है। आरोपियों के खिलाफ पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1960, महाराष्ट्र पशु संरक्षण अधिनियम 1976 तथा भारतीय न्याय संहिता 2023 की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक एम. रमेश के आदेश पर अपर पुलिस अधीक्षक कार्तिक मधिरा, अपर पुलिस अधीक्षक गोकुल राज जी. तथा उपविभागीय पुलिस अधिकारी प्रमोद मडामे के मार्गदर्शन में की गई। स्थानीय अपराध शाखा के पुलिस निरीक्षक अरुण फेगडे और कुरखेड़ा थाने के पुलिस निरीक्षक अजय जगताप के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Don`t copy text!