गढ़चिरौली : तीन ग्रामीणों की जान लेने वाली आदमखोर बाघिन आखिरकार पिंजरे में कैद
– तड़के चले रोमांचक रेस्क्यू ऑपरेशन को मिली सफलता
The गडविश्व
गढ़चिरौली, 13 : एटापल्ली तहसील के जंगल क्षेत्र में दहशत फैलाकर तीन ग्रामीणों की जान लेने वाली बाघिन को आखिरकार वन विभाग ने बेहोश कर अपने कब्जे में ले लिया है। शुक्रवार (13 नवंबर) तड़के करीब 3 बजे कसनसूर वन परिक्षेत्र में चलाए गए विशेष रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान तीन वर्षीय बाघिन ‘जी-25 एसएएफ’ को ट्रैंकुलाइज कर पकड़ा गया। इस कार्रवाई से पिछले कई महीनों से दहशत के साये में जी रहे ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है।
भामरागढ़ वन विभाग के अंतर्गत कसनसूर (प्रादेशिक) वन परिक्षेत्र के जारावंडी राउंड स्थित वडसाकला बीट, कक्ष क्रमांक 1 में यह अभियान चलाया गया। वन विभाग और ताडोबा-अंधारी टाइगर रिजर्व की रैपिड रेस्क्यू टीम (आरआरटी) ने संयुक्त रूप से योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए तड़के बाघिन को बेहोश किया। इसके बाद उसे सुरक्षित रूप से आगे की चिकित्सकीय जांच और आवश्यक प्रक्रिया के लिए कसनसूर वन परिक्षेत्र कार्यालय में स्थानांतरित किया गया। आगामी प्रक्रिया पूरी होने के बाद उसे नागपुर स्थित बालासाहेब ठाकरे गोरेवाड़ा अंतरराष्ट्रीय प्राणी उद्यान भेजा जाएगा।
चार महीने में तीन ग्रामीणों को बनाया शिकार
इस बाघिन के लगातार हमलों से एटापल्ली तहसील के ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ था। पिछले चार महीनों में बाघिन ने तीन लोगों की जान ली थी। इनमें 16 अगस्त को दोलंदा निवासी हरी बोहरण वड्डे (57), 19 अक्टूबर को इरपनपायली निवासी विलाशी आनंद बा (70) और 2 नवंबर को दिंडवी निवासी सदाशिव झिटू दुग्गा (60) शामिल हैं। लगातार हो रही इन घटनाओं के चलते वन विभाग के सामने बाघिन को पकड़ने की बड़ी चुनौती खड़ी हो गई थी।
आरआरटी का 122वां सफल रेस्क्यू ऑपरेशन
ताडोबा-अंधारी टाइगर रिजर्व, चंद्रपुर की रैपिड रेस्क्यू टीम के प्रमुख एवं वन्यजीव पशु चिकित्साधिकारी डॉ. रविकांत खोब्रागड़े के नेतृत्व में यह अभियान सफलतापूर्वक पूरा किया गया। यह इस टीम का 122वां सफल रेस्क्यू ऑपरेशन रहा।
इस अभियान में शूटर अजय मराठे के साथ योगेश लकड़े, दीपेश टेंभुर्णे, वसीम शेख, विकास ताजने, प्रफुल्ल वाटगुरे, अमोल कोरपे, अक्षय दांडेकर और गुरुनानक ढोरे ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
बाघिन को पकड़ने के लिए वन विभाग पिछले कई दिनों से लगातार प्रयास कर रहा था। आखिरकार संयुक्त बचाव दल को मिली सफलता से क्षेत्र में मानव-वन्यजीव संघर्ष की आशंका फिलहाल कम हुई है। लगातार बाघिन के हमलों से चिंतित कसनसूर और आसपास के गांवों के लोगों ने इस कार्रवाई के बाद राहत महसूस की है।
#TheGadvishva #Gadchiroli #GadchiroliNews #Etapalli #Bhamragad #KasanSur #TigerRescue #TigerCaptured #WildlifeRescue #ForestDepartment #TadobaAndhariTigerReserve #HumanWildlifeConflict #GorewadaZoo #Maharashtra

