Headlines

माओवादियों का हथियार निर्माण कारखाना ध्वस्त : जंगल में छिपाकर रखी लेथ मशीन सहित हथियार बनाने की सामग्री नष्ट


माओवादियों का हथियार निर्माण कारखाना ध्वस्त : जंगल में छिपाकर रखी लेथ मशीन सहित हथियार बनाने की सामग्री नष्ट
– गढ़चिरौली पुलिस और सीआरपीएफ की बड़ी कार्रवाई
The गढ़विश्व
गढ़चिरौली, 29 जून : गढ़चिरौली जिले में माओवादी संगठन के बचे हुए नेटवर्क को एक और बड़ा झटका देते हुए गढ़चिरौली पुलिस एवं सीआरपीएफ की संयुक्त टीम ने महाराष्ट्र-छत्तीसगढ़ सीमा से लगे बालबेड़ा जंगल क्षेत्र में माओवादियों द्वारा गुप्त रूप से जमीन में दबाकर रखे गए हथियार निर्माण के बड़े जखीरे का पता लगाकर मौके पर ही उसे नष्ट कर दिया। इस कार्रवाई से माओवादी गतिविधियों में उपयोग होने वाली हथियार निर्माण व्यवस्था को बड़ा नुकसान पहुंचा है।
पुलिस को मिली गोपनीय सूचना के आधार पर 26 जून को पुलिस अधीक्षक एम. रमेश के मार्गदर्शन में विशेष अभियान दल (सी-60), प्राणहिता यूनिट, बीडीडीएस तथा सीआरपीएफ की संयुक्त टीम ने बालबेड़ा जंगल क्षेत्र में व्यापक तलाशी अभियान चलाया। 27 जून को इलाके की घेराबंदी कर सघन तलाशी लेने पर जमीन में गहराई से छिपाकर रखा गया हथियार निर्माण का बड़ा जखीरा बरामद हुआ।
कार्रवाई के दौरान लगभग 5 से 6 टन वजनी एक लेथ मशीन, 150 क्लेमोर एवं बीजीएल पाइप, 220 नग 12 बोर पाइप, 20 राइफल रॉड मेटल पट्टियां तथा हथियार निर्माण में उपयोग होने वाली अन्य सामग्री बरामद की गई। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशानुसार पूरी सामग्री को घटनास्थल पर ही नष्ट कर दिया गया।
प्राथमिक जांच के अनुसार सुरक्षा बलों पर घात लगाकर हमले करने, नक्सल सप्ताह, चुनाव तथा अन्य संवेदनशील अवसरों पर उपयोग के उद्देश्य से इस सामग्री को जंगल में गुप्त रूप से छिपाकर रखा गया था। इससे पहले 23 और 27 मई को भी इसी प्रकार की सफल कार्रवाई की गई थी। लगातार हो रही इन कार्रवाइयों से माओवादी संगठन की शेष हथियार निर्माण क्षमता को गंभीर क्षति पहुंची है।
यह संपूर्ण अभियान पुलिस अधीक्षक एम. रमेश के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (अभियान) कार्तिक मधिरा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (प्रशासन) गोकुल राज जी. तथा पुलिस उपाधीक्षक (अभियान) विशाल नागरगोजे की निगरानी में विशेष अभियान दल, प्राणहिता यूनिट, इंटेलिजेंस सेल, बीडीडीएस और सीआरपीएफ के जवानों ने सफलतापूर्वक अंजाम दिया। पुलिस अधीक्षक ने इस साहसिक कार्रवाई में शामिल सभी अधिकारियों एवं जवानों की सराहना की है।
#thegdv #thegadvishva #gadchirolinews #gadchirolipolice


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Don`t copy text!