चामोर्शी में प्रसूता व नवजात की मौत मामले में जांच समिति गठित
– जिला शल्य चिकित्सक ने उपचार व रेफर किए जाने का घटनाक्रम बताया
The गढ़विश्व
गड़चिरोली, ता. 24 : चामोर्शी में प्रसव के दौरान एक महिला और नवजात की मौत के मामले की निष्पक्ष एवं गहन जांच के लिए जिला शल्य चिकित्सक स्तर पर जांच समिति गठित की गई है। समिति द्वारा पूरे मामले की जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट के निष्कर्षों के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी, यह जानकारी जिला शल्य चिकित्सक डॉ. वर्षा लहाड़े ने दी।
जानकारी के अनुसार, चामोर्शी निवासी 27 वर्षीय जिजा हंसराज सातार को 23 अगस्त की सुबह 5 बजे प्रसव के लिए ग्रामीण अस्पताल, चामोर्शी में भर्ती कराया गया था। प्रारंभिक जांच में सामान्य प्रसव संभव माना गया था। हालांकि, सुबह करीब 9 बजे की जांच में प्रसव में जटिलता की आशंका तथा गर्भस्थ शिशु की हृदय गति धीमी पाए जाने पर उन्हें सुबह 11 बजे महिला एवं बाल अस्पताल, गड़चिरोली रेफर किया गया। एंबुलेंस के साथ चिकित्सक व नर्स भी मौजूद थे।
गड़चिरोली पहुंचने पर जांच में महिला की स्थिति गंभीर होने तथा बच्चे का सिर फंसने की स्थिति सामने आई। तत्काल प्रसव कराया गया, लेकिन नवजात मृत अवस्था में पाया गया। इसके बाद महिला को अत्यधिक रक्तस्राव होने लगा और उसकी स्थिति गंभीर हो गई। विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में उपचार करते हुए रक्त एवं चार यूनिट एफएफपी दिया गया।
स्थिति बिगड़ने पर महिला को इंट्यूबेट किया गया और आगे के उपचार के लिए शाम 7.30 बजे सामान्य अस्पताल, गड़चिरोली में भर्ती कराया गया। वहां आवश्यक उपचार व सोनोग्राफी की गई, लेकिन उपचार के दौरान रात 9.50 बजे महिला की मौत हो गई।
पूरे मामले की जांच समिति द्वारा की जा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर दोष अथवा लापरवाही सामने आने पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी, ऐसा जिला शल्य चिकित्सक डॉ. वर्षा लहाड़े ने बताया।

