Headlines

गढ़चिरौली में पुलिस की बड़ी कामयाबी; नक्सलियों का छिपाया हथियार और विस्फोटकों का जखीरा बरामद


गढ़चिरौली में पुलिस की बड़ी कामयाबी; नक्सलियों का छिपाया हथियार और विस्फोटकों का जखीरा बरामद
– कोपर्शी जंगल में विशेष अभियान के दौरान 6 हथियार, 21 जिंदा कारतूस और 7 डेटोनेटर जब्त
The गढ़विश्व
गढ़चिरौली, 7 : महाराष्ट्र-छत्तीसगढ़ सीमा से सटे कोपर्शी जंगल क्षेत्र में गढ़चिरौली पुलिस ने नक्सलियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए जमीन में छिपाकर रखा गया हथियार और विस्फोटकों का जखीरा बरामद किया है। 6 अक्टूबर को चलाए गए विशेष अभियान के दौरान पुलिस ने 6 आग्नेयास्त्र, 21 जिंदा कारतूस, 7 डेटोनेटर और 150 मीटर केबल वायर सहित बड़ी मात्रा में माओवादी सामग्री जब्त की।
पुलिस को मिली गोपनीय सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक एम. रमेश के मार्गदर्शन में कोपर्शी जंगल क्षेत्र में विशेष तलाशी अभियान चलाया गया। अभियान के लिए प्राणहिता स्थित विशेष अभियान दल की पांच टुकड़ियों तथा बीडीडीएस की दो टीमों को रवाना किया गया था। जवानों ने जंगल क्षेत्र की घेराबंदी कर व्यापक तलाशी अभियान चलाया।
तलाशी के दौरान जमीन में छिपाकर रखा गया हथियारों का जखीरा बरामद हुआ। इसमें एक .303 राइफल, दो सिंगल शॉट राइफल, दो देसी पिस्टल और एक बीजीएल लॉन्चर शामिल है। इसके अलावा 10 बीजीएल सेल, 21 जिंदा कारतूस, 7 डेटोनेटर, 150 मीटर केबल वायर, दो मैगजीन, दो कुकर, तीन वॉकी-टॉकी, तीन चार्जर और दो बैटरियां भी जब्त की गईं।
पुलिस के अनुसार, माओवादी सुरक्षा बलों पर हमले तथा संवेदनशील समय में हिंसक गतिविधियों के लिए हथियारों और विस्फोटकों का इस्तेमाल कर सकते थे। ऐसे में जंगल में छिपाकर रखा गया यह जखीरा बरामद होना सुरक्षा बलों के लिए बड़ी सफलता मानी जा रही है। अभियान के दौरान मिली अन्य माओवादी सामग्री को वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।
यह कार्रवाई अपर पुलिस अधीक्षक (अभियान) कार्तिक मधीरा, अपर पुलिस अधीक्षक गोकुल राज जी., अपर पुलिस अधीक्षक अहेरी (प्राणहिता) हर्षवर्धन बि. जे. तथा पुलिस उपअधीक्षक (अभियान) सुनील उईके की निगरानी में विशेष अभियान दल, प्राणहिता, इंटेलिजेंस सेल और बीडीडीएस टीम के जवानों ने सफलतापूर्वक पूरी की।
पुलिस अधीक्षक एम. रमेश ने अभियान में शामिल सभी जवानों की सराहना की।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Don`t copy text!