Headlines

गढ़चिरौली : नहाने जाते ही काल का घात, सर्पदंश से SRPF जवान की मौत


गढ़चिरौली : नहाने जाते ही काल का घात, सर्पदंश से SRPF जवान की मौत
The गढ़विश्व
गढ़चिरौली, 07 : नक्सल विरोधी अभियान के लिए रेगड़ी क्षेत्र में तैनात एक SRPF जवान की सर्पदंश से दर्दनाक मौत हो गई। नहाने के लिए जाते समय जहरीले सांप ने जवान के हाथ में डस लिया। उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। मृत जवान की पहचान राहुल प्रभाकर शिनगारे (37) के रूप में हुई है।
धुले स्थित SRPF ग्रुप क्रमांक 6 की ‘एफ’ कंपनी करीब डेढ़ माह पहले नक्सल विरोधी अभियान के लिए गढ़चिरौली जिले में पहुंची थी। राहुल शिनगारे की तैनाती चामोर्शी तहसील के रेगड़ी क्षेत्र में की गई थी।
मंगलवार (6 अक्टूबर) सुबह करीब 7 बजे शिनगारे कैंप के हौद के पास नहाने के लिए गए थे। इसी दौरान उनके हाथ में जहरीले सांप ने डस लिया। सर्पदंश के बाद उन्होंने तत्काल कैंप की ओर दौड़ लगाकर साथियों को घटना की जानकारी दी। जवानों ने उन्हें तुरंत चामोर्शी ग्रामीण अस्पताल में भर्ती कराया।
प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उन्हें गढ़चिरौली जिला सामान्य अस्पताल रेफर किया गया। डॉक्टरों ने उपचार के लिए हरसंभव प्रयास किया, लेकिन दोपहर करीब ढाई बजे उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
राहुल शिनगारे अपने साथियों के बीच बहादुर और कर्तव्यनिष्ठ जवान के रूप में पहचाने जाते थे। उनके आकस्मिक निधन से पुलिस दल में शोक की लहर है।

राजकीय सम्मान के साथ दी गई अंतिम सलामी

राहुल शिनगारे के पार्थिव शरीर को गढ़चिरौली स्थित पुलिस कवायद मैदान में शाम करीब साढ़े पांच बजे अंतिम सलामी दी गई। इस दौरान हवा में तीन राउंड फायर कर राजकीय सम्मान के साथ श्रद्धांजलि दी गई। पुलिस अधीक्षक एम. रमेश सहित SRPF के अधिकारी, पुलिस कर्मचारी और जवान उपस्थित रहे।

#TheGadvishva #Gadchiroli #GadchiroliNews #SRPF #SRPFJawan #SnakeBite #SnakeBiteDeath #PoliceNews #GadchiroliPolice #MaharashtraPolice #AntiNaxalOperation #PoliceForce #RahulShingare #BreakingNews


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Don`t copy text!