गड़चिरोली : दिवाली से पहले धान खरीदी की तैयारी तेज, 20 केंद्रों पर पंजीयन शुरू
– जिले में 54 धान खरीदी केंद्रों को मंजूरी; किसानों से आवश्यक दस्तावेजों के साथ पंजीयन कराने की अपील
The गढ़विश्व
गड़चिरोली, 28 : दिवाली से पहले ही खरीफ सीजन में धान खरीदी की तैयारियां तेज हो गई हैं। न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) योजना के तहत गड़चिरोली जिले के 20 धान खरीदी केंद्रों पर किसानों का ऑनलाइन पंजीयन शुरू कर दिया गया है। जिले में कुल 54 केंद्रों को मंजूरी दी गई है। पात्र धान उत्पादक किसान समय रहते संबंधित केंद्रों पर पंजीयन कराएं, ऐसी अपील महाराष्ट्र राज्य सहकारी आदिवासी विकास महामंडल के क्षेत्रीय कार्यालय ने की है।
जिलाधिकारी अविश्यांत पंडा के आदेशानुसार कुरखेड़ा, कोरची, आरमोरी, धानोरा और घोट उप-क्षेत्रीय कार्यालयों के अंतर्गत धान खरीदी केंद्रों को मंजूरी दी गई है। इनमें से फिलहाल 20 केंद्रों पर पंजीयन की प्रक्रिया जारी है।
इन 20 केंद्रों पर पंजीयन शुरू
भाडभिडी, कुरखेड़ा, गेवर्धा, सोनसरी, शिरपुर, केंद्रीय गोदाम आरमोरी, कुरुंडीमाल, उराड़ी, अंगारा, केंद्रीय गोदाम पोटेगांव, केंद्रीय गोदाम नवेगांव गड़चिरोली, कोरची, कोटगुल, मसेली, पुराडा, मालेवाड़ा, धानोरा, मुरुमगांव, रांगी और कारवाफा स्थित केंद्रों पर किसान पंजीयन करा सकते हैं।
पंजीयन के लिए जरूरी दस्तावेज
किसानों को संबंधित शासकीय धान खरीदी केंद्र पर स्वयं उपस्थित होकर आधार कार्ड, बैंक पासबुक, सातबारा भूमि अभिलेख, आधार से जुड़ा मोबाइल नंबर तथा अन्य आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने होंगे। शासन के निर्धारित ‘BeAM’ पोर्टल पर किसानों का ऑनलाइन पंजीयन किया जाएगा।
धान खरीदी का समय-सारणी और शासन द्वारा निर्धारित न्यूनतम समर्थन मूल्य की जानकारी संबंधित खरीदी केंद्रों एवं कार्यालयों के माध्यम से दी जाएगी। पात्र धान उत्पादक किसान समय रहते पंजीयन कराकर योजना का लाभ उठाएं, ऐसी अपील क्षेत्रीय प्रबंधक सोपान संभारे ने की है।

