गड़चिरौली में 1.20 करोड़ के मादक पदार्थ के साथ आठ आरोपी गिरफ्तार
– तीन वाहन और आठ मोबाइल सहित 1.46 करोड़ रुपये का माल जब्त
The गढ़विश्व
गड़चिरौली, 02 : मादक पदार्थों की अवैध तस्करी कर बिक्री करने की तैयारी में जुटे आठ आरोपियों को गड़चिरौली पुलिस ने गिरफ्तार किया है। 31 अक्टूबर को गट्टा (फु.) पुलिस सहायता केंद्र के अंतर्गत की गई इस कार्रवाई में 240 किलो 580 ग्राम मादक पदार्थ जब्त किया गया। इसकी अनुमानित कीमत 1 करोड़ 20 लाख 29 हजार रुपये है। पुलिस ने तीन चारपहिया वाहनों और आठ मोबाइल सहित कुल 1 करोड़ 46 लाख 10 हजार रुपये का माल जब्त किया है।
पुलिस नाकाबंदी के दौरान एक संदिग्ध स्कॉर्पियो वाहन को रोककर जांच की गई। पूछताछ में वाहन सवार तीन आरोपी मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल वाहनों की पायलटिंग कर रहे थे। उनकी निशानदेही पर पिकअप वाहन से मादक पदार्थ लेकर आ रहे तीन अन्य आरोपियों तथा खरीदारी के लिए इंतजार कर रहे बीड जिले के दो आरोपियों को भी हिरासत में लिया गया।
इस मामले में पेंढरी पुलिस थाने में एनडीपीएस अधिनियम 1985 के तहत मामला दर्ज किया गया है। सभी आठ आरोपियों को न्यायालय ने तीन दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया है। मामले की आगे की जांच स्थानीय अपराध शाखा के सहायक पुलिस निरीक्षक कपिल आगलावे कर रहे हैं।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक एम. रमेश के मार्गदर्शन में स्थानीय अपराध शाखा और गट्टा (फु.) पुलिस सहायता केंद्र की संयुक्त टीम ने की।

