Headlines

गड़चिरोली पुलिस का बड़ा एक्शन ; 9.72 लाख की प्रतिबंधित तंबाकू जब्त, दो गिरफ्तार


गड़चिरोली पुलिस का बड़ा एक्शन ; 9.72 लाख की प्रतिबंधित तंबाकू जब्त, दो गिरफ्तार
The गडविश्व
गड़चिरोली, ता. 7 : गड़चिरोली पुलिस ने प्रतिबंधित सुगंधित तंबाकू की अवैध तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 9 लाख 72 हजार 725 रुपये मूल्य की प्रतिबंधित तंबाकू और एक बोलेरो मैक्स पिकअप वाहन जब्त किया है। इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि पूरे नेटवर्क के मुख्य आरोपी की तलाश जारी है।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक बोलेरो वाहन में बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित सुगंधित तंबाकू चामोर्शी की ओर ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर सहायक पुलिस अधीक्षक अनिकेत हिरडे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 4 अगस्त को राष्ट्रीय राजमार्ग 353-सी स्थित पोहार नदी पुल के पास, कुरुड गांव के निकट नाकाबंदी की।
नाकाबंदी के दौरान एमएच-33 टी-5892 नंबर की बोलेरो मैक्स पिकअप को रोककर तलाशी ली गई। वाहन से ‘होला हुक्का टोबैको’ के 1,800 पैकेट, ‘मजा’ सुगंधित तंबाकू के 400 डिब्बे, ‘ईगल’ ब्रांड के तंबाकू पैकेट तथा ‘ईगल हुक्का शीशा’ के 400 डिब्बे बरामद किए गए। प्रतिबंधित तंबाकू और वाहन सहित कुल 9.72 लाख रुपये का माल जब्त किया गया।
पुलिस ने मौके से नंदकिशोर दिवरुजी शेट्टे (21, निवासी चामोर्शी) और राजेंद्र ईश्वर नैताम (21, निवासी मार्कड मोहल्ला, चामोर्शी) को गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों ने खुलासा किया कि प्रतिबंधित तंबाकू की खेप चंद्रकांत शत्रुघ्न पिपरे के कहने पर लाई जा रही थी तथा जब्त वाहन भी उसी का है।
खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग के खाद्य सुरक्षा अधिकारी की शिकायत पर चामोर्शी पुलिस थाने में भारतीय न्याय संहिता तथा खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया है, जबकि फरार मुख्य आरोपी की तलाश जारी है। मामले की आगे की जांच पुलिस उपनिरीक्षक मानकर कर रहे हैं।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक एम. रमेश के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक कार्तिक मधिरा तथा गोकुल राज जी. के मार्गदर्शन में सहायक पुलिस अधीक्षक अनिकेत हिरडे और उनकी टीम ने सफलतापूर्वक अंजाम दी।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Don`t copy text!