गैरापत्ती के साप्ताहिक बाजार में पुलिस का स्वास्थ्य शिविर; 84 नागरिकों की जांच
– मुफ्त दवाइयों के साथ स्वास्थ्य संबंधी मार्गदर्शन; शहीद जवानों के बलिदान की भी दी जानकारी
The गड़विश्व
गड़चिरोली, ता. 18 : दुर्गम एवं अतिदुर्गम क्षेत्रों के नागरिकों तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के उद्देश्य से गड़चिरोली पुलिस दल की ओर से गैरापत्ती में साप्ताहिक बाजार के दौरान निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किया गया। रविवार (16 अगस्त) को पुलिस अस्पताल, जिला सामान्य अस्पताल एवं जिला परिषद गड़चिरोली के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस शिविर में 84 नागरिकों की विशेषज्ञ चिकित्सकीय टीम द्वारा स्वास्थ्य जांच की गई।
पुलिस अधीक्षक एम. रमेश के मार्गदर्शन में आयोजित शिविर में पुलिस अस्पताल के चिकित्सा अधिकारी डॉ. गणेश चिचघरे, डॉ. रोशनी किरंगे तथा परिचारिका लीना नगराले के नेतृत्व में नागरिकों की विभिन्न बीमारियों की जांच की गई। आवश्यकता के अनुसार नागरिकों को निःशुल्क दवाइयां उपलब्ध कराई गईं। विभिन्न बीमारियों, पोषण संबंधी समस्याओं एवं स्वास्थ्य देखभाल को लेकर भी नागरिकों को आवश्यक मार्गदर्शन दिया गया। एक नागरिक को आगे की चिकित्सकीय जांच के लिए संबंधित अस्पताल में रेफर किया गया।
206 स्वास्थ्य शिविरों में 43 हजार से अधिक नागरिकों की जांच
गड़चिरोली पुलिस दल की ओर से वर्ष 2021 से अब तक 206 स्वास्थ्य शिविरों के माध्यम से 43 हजार से अधिक नागरिकों की स्वास्थ्य जांच की जा चुकी है। इसके अलावा छह रक्तदान शिविरों के माध्यम से 4,864 यूनिट रक्त का संकलन किया गया है। ‘ऑपरेशन रोशनी’ के तहत 9,971 से अधिक नागरिकों की आंखों की जांच की गई, जबकि 1,412 नागरिकों की निःशुल्क मोतियाबिंद सर्जरी कराई गई है।
शहीद जवानों के बलिदान की भी दी जानकारी
स्वास्थ्य शिविर के साथ साप्ताहिक बाजार में चलित प्रदर्शनी के माध्यम से गड़चिरोली जिले में कर्तव्य निभाते हुए शहीद हुए जवानों के बलिदान, सी-60 जवानों के शौर्य तथा पुलिस दल द्वारा चलाए जा रहे नागरिक कल्याणकारी उपक्रमों की जानकारी दी गई। विभिन्न बैनर एवं सूचना फलक के माध्यम से नागरिकों में जनजागृति की गई।
इस उपक्रम के लिए मुख्य कार्यकारी अधिकारी सुहास गाडे, अपर पुलिस अधीक्षक (अभियान) कार्तिक मधिरा, अपर पुलिस अधीक्षक (प्रशासन) गोकुल राज जी., पुलिस उपअधीक्षक (अभियान) सुनील ऊईके तथा उपविभागीय पुलिस अधिकारी, धानोरा जगदीश पांडे का मार्गदर्शन मिला। पुलिस थाना गैरापत्ती के पुलिस उपनिरीक्षक अक्षय निकम, पुलिस उपनिरीक्षक दिनेश खांडेकर एवं पुलिस जवानों ने शिविर का सफलतापूर्वक आयोजन किया।

