Headlines

राष्ट्रीय एकता परेड में गूंजा गड़चिरोली के C-60 कमांडो का शौर्य; 200 जवानों का सम्मान


राष्ट्रीय एकता परेड में गूंजा गड़चिरोली के C-60 कमांडो का शौर्य; 200 जवानों का सम्मान
The गड़विश्व
गड़चिरोली, दि. 05 : गुजरात के एकतानगर (केवड़िया) स्थित स्टैच्यू ऑफ यूनिटी परिसर में सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर 31 अक्टूबर को आयोजित राष्ट्रीय एकता परेड में गड़चिरोली जिला पुलिस बल के C-60 कमांडो ने अपने अनुशासित और शानदार संचलन से जिले का नाम रोशन किया। इस परेड में C-60 दल के 200 जवानों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

राष्ट्रीय एकता और देश की अखंडता का संदेश देने के उद्देश्य से आयोजित इस भव्य परेड के लिए गड़चिरोली पुलिस दल के जवान पिछले डेढ़ महीने से केवड़िया में अभ्यास कर रहे थे। कड़े प्रशिक्षण, अनुशासन और समर्पण के बल पर जवानों ने राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए जिले का प्रभावी प्रतिनिधित्व किया।

परेड में सहभागिता के बाद गड़चिरोली लौटे सभी 200 अधिकारियों और जवानों का पुलिस अधीक्षक एम. रमेश ने सम्मान कर अभिनंदन किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तर के महत्वपूर्ण समारोह में गड़चिरोली जिला पुलिस दल का प्रतिनिधित्व करना पूरे विभाग के लिए गर्व और सम्मान की बात है। जवानों ने अपने शानदार प्रदर्शन से जिले का गौरव बढ़ाया है।

उल्लेखनीय है कि कभी माओवाद की गंभीर चुनौती का सामना करने वाले गड़चिरोली जिले में शांति और सुरक्षा स्थापित करने में जिला पुलिस बल तथा C-60 कमांडो का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। माओवाद विरोधी अभियानों में जिले के 214 जवानों ने सर्वोच्च बलिदान दिया है। ऐसे वीर जवानों की परंपरा वाले पुलिस दल का राष्ट्रीय एकता परेड में सहभाग जिले के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि है।

इस अवसर पर परेड में शामिल जवानों ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि इस आयोजन से उनमें राष्ट्रीय एकता, सामूहिक भावना और देशभक्ति की भावना और अधिक मजबूत हुई है। उन्होंने अभ्यास के दौरान वरिष्ठ अधिकारियों से मिले मार्गदर्शन और सहयोग के प्रति आभार भी व्यक्त किया।

सम्मान समारोह में अपर पुलिस अधीक्षक (अभियान) कार्तिक मधिरा, अपर पुलिस अधीक्षक (प्रशासन) गोकुल राज जी, सहायक पुलिस अधीक्षक भामरागड़ सागर भामरे, उपविभागीय पुलिस अधिकारी जिमलगट्टा राहुल मडावी तथा राज्य आरक्षित पुलिस बल गट क्रमांक 18, काटोल, नागपुर के सहायक समादेशक मंगेश शेलोटकर सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Don`t copy text!