गड़चिरोली में सनसनी! सब्जी बेचने वाली दो बहनों की 48 लाख की जमा पूंजी हड़पी, आरोपी गिरफ्तार
The गडविश्व
गड़चिरोली, 24 : शहर में दो मेहनतकश सब्जी विक्रेता बहनों के साथ 48 लाख रुपये से अधिक की ठगी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बैंक खाता खुलवाने के बहाने एक निजी बैंक कर्मचारी ने दोनों बहनों का विश्वास जीतकर उनकी जीवनभर की जमा पूंजी हड़प ली। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, त्रिमूर्ति चौक निवासी जुली मारोती शिरपूरकर (35) और उनकी बहन सविता पोहनकर सब्जी बेचकर परिवार का गुजारा करती हैं। आरोपी मिथुन प्रभाकर गायकवाड़ (निवासी खेडेगांव, तहसील कुरखेड़ा) एचडीएफसी बैंक में सेल्स ऑफिसर था। उसने दोनों बहनों के एचडीएफसी और एक्सिस बैंक में खाते खुलवाए, लेकिन खातों का नियंत्रण अपने पास रखकर उनकी जानकारी के बिना रकम निकालना शुरू कर दिया।
जांच में सामने आया कि आरोपी ने 28.54 लाख रुपये नकद, 8 लाख रुपये अन्य माध्यमों से, तथा 11.83 लाख रुपये ऑनलाइन ट्रांजेक्शन से निकाल लिए। कुल मिलाकर 48 लाख 37 हजार 787 रुपये की ठगी की गई।
जब बहनों को बैंक लेन-देन पर शक हुआ तो उन्होंने आरोपी से पूछताछ की, लेकिन वह बहाने बनाता रहा। आखिरकार दोनों बहनों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस निरीक्षक विनोद चव्हाण के मार्गदर्शन में कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले की आगे जांच जारी है।
#thegdv #thegadvishva #gadchirolinews #gadchirolipolice #crimenews

