Headlines

गढ़चिरौली : लॉयड्स स्पोर्ट्स अकादमी ने जीते स्वर्ण व रजत पदक


गढ़चिरौली : लॉयड्स स्पोर्ट्स अकादमी ने जीते स्वर्ण व रजत पदक
– राष्ट्रीय मंच पर गढ़चिरौली के तीरंदाजों का शानदार प्रदर्शन
The गडविश्व
गढ़चिरौली, 03 : गढ़चिरौली की खेल प्रतिभाओं ने एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी क्षमता का लोहा मनवाया है। गोवा में आयोजित प्रथम अखिल भारतीय इंडोर तीरंदाजी चैम्पियनशिप-2026 में लॉयड्स स्पोर्ट्स अकादमी (एलएसए) के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एक स्वर्ण और एक रजत पदक अपने नाम किया।
गोवा एमेच्योर आर्चरी एसोसिएशन द्वारा आयोजित इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता को आर्चरी एसोसिएशन ऑफ इंडिया तथा स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ गोवा की मान्यता प्राप्त थी। प्रतियोगिता में देशभर के विभिन्न राज्यों से आए प्रतिभाशाली तीरंदाजों ने हिस्सा लिया। विभिन्न आयु वर्गों में आयोजित मुकाबलों में खिलाड़ियों के बीच कड़ा प्रतिस्पर्धी माहौल देखने को मिला।
लॉयड्स स्पोर्ट्स अकादमी की तीरंदाज दिया बनर्जी ने अंडर-21 वर्ग में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया और राष्ट्रीय चैम्पियन बनने का गौरव हासिल किया। वहीं आदित्य नायगमकर ने अंडर-18 वर्ग में शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए रजत पदक जीतकर अकादमी और जिले का नाम रोशन किया।
दोनों खिलाड़ियों की सफलता उनके कठिन परिश्रम, अनुशासन और अकादमी द्वारा प्रदान किए जा रहे उच्चस्तरीय प्रशिक्षण का परिणाम मानी जा रही है। लॉयड्स स्पोर्ट्स अकादमी लगातार क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को निखारने और उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के अवसर उपलब्ध कराने के लिए कार्य कर रही है।
दिया बनर्जी और आदित्य नायगमकर की इस उपलब्धि पर कोचों, खेल प्रेमियों और जिलेवासियों ने उन्हें बधाई दी है। खेल जगत से जुड़े लोगों का मानना है कि इन खिलाड़ियों की सफलता गढ़चिरौली और आसपास के क्षेत्रों के युवाओं को खेलों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Don`t copy text!