Headlines

गढ़चिरौली नक्सलमुक्त : 8 माओवादी गिरफ्तार, 5 ने किया आत्मसमर्पण


गढ़चिरौली नक्सलमुक्त : 8 माओवादी गिरफ्तार, 5 ने किया आत्मसमर्पण
– 51 हथियार और 65 लाख रुपये नकद बरामद
The गडविश्व
गढ़चिरौली, 16 मई : गढ़चिरौली पुलिस और सीआरपीएफ ने माओवाद विरोधी अभियान में बड़ी सफलता हासिल करते हुए जिले को नक्सलमुक्त बनाने की दिशा में ऐतिहासिक कदम उठाया है। “ऑपरेशन अंतिम प्रहार” के तहत की गई संयुक्त कार्रवाई में 8 खूंखार माओवादियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि 5 वरिष्ठ माओवादियों ने आत्मसमर्पण कर मुख्यधारा में लौटने का फैसला किया। पुलिस प्रशासन का दावा है कि अब उनके रिकॉर्ड में जिले में एक भी सक्रिय माओवादी शेष नहीं है।

इस कार्रवाई के दौरान सुरक्षा बलों ने 02 एलएमजी, 04 एके-47, 04 एसएलआर, 03 इंसास राइफल सहित कुल 51 आधुनिक हथियार, भारी मात्रा में गोला-बारूद और 65 लाख 34 हजार रुपये नकद बरामद किए। गिरफ्तार किए गए माओवादियों पर महाराष्ट्र शासन ने कुल 64 लाख रुपये का इनाम घोषित किया था, जबकि आत्मसमर्पण करने वाले 5 माओवादियों पर 38 लाख रुपये का इनाम था।पुलिस अधीक्षक एम. रमेश के नेतृत्व में चलाए गए विशेष अभियान के तहत तेलंगाना, कुमनार और नैताला क्षेत्रों से माओवादियों को गिरफ्तार किया गया। इनमें फोदेवाड़ा जंगल में फरवरी 2026 में हुए मुठभेड़ और एक सी-60 जवान की हत्या में शामिल माओवादी भी शामिल हैं।

लाहेरी क्षेत्र के कुमनार में पुलिस ने कंपनी नंबर 10 के प्रभारी डीवीसीएम राजू उर्फ मंगडू वेको और उसकी पत्नी जनी उर्फ नगी येमला को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से AK-47, .303 राइफल और अन्य हथियार बरामद किए गए। पूछताछ के बाद गुंडेनूर जंगल में छिपाकर रखा गया बड़ा हथियारों का जखीरा भी बरामद किया गया।

वहीं गर्देवाड़ा थाना क्षेत्र के नैताला गांव में चलाए गए अभियान में दो महिला माओवादी — ज्योति उर्फ अकिला उर्फ समिता पोटावी और आमती उर्फ आयती उर्फ संध्या पोडीयाम को गिरफ्तार किया गया। इनके पास से एसएलआर राइफल, 12 बोर बंदूक और अन्य हथियार बरामद हुए।

इसी बीच 16 मई को 5 वरिष्ठ माओवादियों ने गढ़चिरौली पुलिस और सीआरपीएफ के समक्ष आत्मसमर्पण किया। आत्मसमर्पण करने वालों में मधु उर्फ राकेश उर्फ बाजीराव वेळदा, जीवन उर्फ जग्गु मडकाम, रजनी उर्फ दुर्गा धुर्वा, मंगली रघु कुरसाम और लक्ष्मी डेंगा पुनेम शामिल हैं।

पुलिस के अनुसार, सरकार की आत्मसमर्पण और पुनर्वास नीति का सकारात्मक असर देखने को मिल रहा है। वर्ष 2005 से अब तक कुल 819 माओवादी गढ़चिरौली पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर चुके हैं।

यह पूरी कार्रवाई विशेष पुलिस महानिरीक्षक (नक्सल विरोधी अभियान) संदीप पाटिल, पुलिस उपमहानिरीक्षक योगेश कुमार, सीआरपीएफ के उपमहानिरीक्षक अजय कुमार शर्मा, पुलिस अधीक्षक एम. रमेश तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में सफलतापूर्वक संपन्न हुई।

#thegdv #thegadvishva #gadchirolinews #gadchirolipolice #Gadchiroli #OperationAntimPrahar #MaoistSurrender #AntiNaxalOperation #GadchiroliPolice #CRPF #MaoistArrest #NaxalFreeGadchiroli #MaharashtraPolice #BreakingNews #MaoistOperation #SecurityForces #IndiaNews #Naxalism #PoliceAction


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Don`t copy text!